उन्नाव। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में आज रेप पीड़िता का अंतिम संस्कार किया जाएगा। घर वालों ने कहा कि वह बेटी को दफनाएंगे क्योंकि उसके शरीर में जलाने लायक अब कुछ बचा ही नहीं है। पीड़िता का शव गांव पहुंचते ही पूरा माहौल गमगीन हो गया। लोगों के आंसू थम नहीं रहे हैं।

 

दिल्ली के सफदरजंग में जिंदगी की जंग हारने के बाद उन्नाव रेप पीड़िता का शव शनिवार की रात नौ बजे के करीब उसके गांव पहुंचा। पीड़िता की दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में शुक्रवार रात मौत हो गई थी। बृहस्पतिवार रात पीड़िता को बेहतर इलाज के लिए विमान से दिल्ली ले जाया गया था।

 

मृतका के परिवार को जब उसका शव सौंपा गया, तो मौके पर सपा के एमएलसी सुनील साजन, पूर्व विधायक उदय राज यादव और पार्टी के जिला अध्यक्ष धर्मेंद यादव सहित अन्य नेता मौजूद थे। किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए भारी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात थे। गांव में वरिष्ठ अधिकारी सुबह से ही डेरा डाले हुए थे।

 

जिलाधिकारी देवेन्‍द्र पाण्‍डेय ने कहा कि विभिन्‍न पार्टियों के प्रतिनिधि आये सभी ने संवेदनाएं व्‍यक्‍त की है। मुख्‍यमंत्री ने दो मंत्रियों को भेजा हुआ है। वह यहां उपस्थित है जो अंतिम संस्‍कार तक यहां रहेंगे। मुख्‍यमंत्री ने 25 लाख रूपए की अनुग्रह राशि प्रेषित किया है जिसे मंत्रियो ने पीडिता के पिता को उपलब्‍ध कराई गयी है।

మరింత సమాచారం తెలుసుకోండి: