हैदराबाद। सोमवार से शुरू हो रहे गणेशोत्सव में हैदराबाद के खैरताबाद में गणपति की 61 फीट ऊंची मूर्ति स्थापित की जाएगी। करीब एक करोड़ रुपए की लागत से बनी यह मूर्ति 12 मुखी है। इसे श्री द्वादशादित्य महागणपति नाम दिया गया है। गणेश उत्सव के दौरान यहां स्थापित की जाने वाली मूर्ति देशभर में सबसे ऊंची होती है। यहां 1954 से लगातार हर साल गणेशजी की विशाल मूर्ति स्थापित की जाती है।


सी. राजेंद्रन, वेंकट गुव्वाला और उनकी टीम के 150 सदस्यों ने हैदराबाद में यह मूर्ति बनाई है । इसे बनाने की शुरुआत मई में हुई। इसमें तीन महीने से ज्यादा समय लगा। इसका वजन करीब 50 टन है। इसे पीओपी की मदद से बनाया गया है। यह देश की सबसे ऊंची बारह मुखी गणेश प्रतिमा है, जो गणेश उत्सव के दौरान स्थापित की जाएगी। इस साल गणेशजी की मूर्ति सूर्यदेव के 12 स्वरूपों से प्रेरित है।


खैरताबाद गणेश उत्सव समिति के ज्वाइंट सेक्रेटरी संदीप राज के अनुसार, उत्सव समिति का गठन 1954 में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एस. शंकरय्या ने किया था। तब से हर साल यहां गणेश की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाती है। एस. शंकरय्या के बाद उनके भाई एस. सुदर्शन के साथ एस. राजकुमार और उनका परिवार गणेश उत्सव का आयोजन करता है। अब तक यहां स्थापित की गई मूर्तियों की औसत ऊंचाई 60 फीट रही है।इस भव्य गणेश मूर्ति पर हर रोज चढ़ाई जाने वाली फूलमाला का वजन लगभग 2 से 4 टन तक होगा। माला बनाने में कई तरह के फूलों का इस्तेमाल किया जाता है। यहां 10 दिनों तक कई तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम होते हैं।


गणेशजी की मूर्ति खुले स्थान और ऊंचे मंच पर विराजित की जाती है। मंच की ऊंचाई 65 फीट और चौड़ाई करीब 30 फीट है। संदीप राज बताते हैं कि पिछले साल गणेश उत्सव में यहां भगवान के दर्शन के लिए रोज करीब 70 हजार से ज्यादा भक्त आए थे। इस साल यह आंकड़ा बढ़ सकता है। भक्तों के चढ़ाए दान से ही यहां गणेश उत्सव मनाया जाता है। गणेशजी की विशाल मूर्ति का विसर्जन यहां की हुसैन सागर झील में किया जाता है। इसके लिए क्रैन की मदद ली जाती है। उत्सव के अंतिम दिन जुलूस निकाला जाता है, जिसमें हजारों भक्त शामिल होते हैं।


మరింత సమాచారం తెలుసుకోండి: