9 जून से भक्तों के लिए केरल में कई धार्मिक स्थलों को 'अनलॉक 1' के हिस्से के रूप में खोला गया, बुधवार को त्रावणकोर देवास्वोम बोर्ड ने कहा कि सबरीमाला मंदिर 14 जून को मासिक पूजा के लिए भक्तों के लिए अपना द्वार खोलेगा। सबरीमाला मंदिर (Sabarimala Temple) 14 जून की शाम को मासिक पूजा के लिए खोला जाएगा. वासु ने कहा कि हमने मंदिर के दोनों तंत्रियों से इस पर चर्चा कर ली है. उनसे विचार-विमर्श और समन्वय से हमने ये फैसला किया है. वर्तमान कार्यक्रम के अनुसार, मंदिर उत्सव 19 जून से शुरू होना है, इससे पहले 14 जून से मासिक पूजा होगी. 20 जून को पम्पा नदी में आरत समारोह का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा.
जिन लोगों ने वर्चुअल कतार प्रणाली के माध्यम से अपना नाम पंजीकृत किया है, वे सन्निधनम में प्रवेश कर सकते हैं. पंजीकरण के समय, अन्य राज्यों के लोगों को कोविड-19 की जांच (Covid-19) का एक प्रमाणपत्र अपलोड करना होगा जिसमें कि उनका टेस्ट निगेटिव रहा हो. यह प्रमाण पत्र आईसीएमआर द्वारा अप्रूव्ड प्रयोगशाला से प्राप्त हुआ होना चाहिए.
वहीं केरल में मंदिरों के करीब 75 दिन बाद मंगलवार को फिर से खुलने के साथ ही एक केंद्रीय मंत्री और राज्य के एक मंत्री के बीच इस मुद्दे पर वाकयुद्ध शुरू हो गया. विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने मंदिरों को फिर से खोलने में ‘‘जल्दबाजी’’ दिखाने को लेकर सवाल उठाया. वहीं, राज्य के देवस्वोम मंत्री कडाकम्पल्ली सुरेंद्रन ने कहा कि मंदिरों को खोलने का निर्णय धार्मिक स्थलों को खोलने से संबंधित केंद्र के दिशा-निर्देशों के अनुरूप है.
केंद्र सरकार ने ‘अनलॉक 1.0’ के तहत सोमवार से पूरे देश में धार्मिक स्थल, मॉल और रेस्तराओं को फिर से खोलने की मंजूरी दी थी जो 25 मार्च को कोविड-19 लॉकडाउन लागू होने के बाद से बंद थे. मुरलीधरन ने सोमवार को एक फेसबुक पोस्ट में राज्य की वाम सरकार पर यह कहते हुए निशाना साधा था कि ‘‘आपकी सरकार राज्य में भौतिक दूरी भी नहीं बनाए रख पा रही है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे में जब राज्य में कोविड-19 के मामले बढ़ रहे हैं, क्या आप मंदिरों को खोलकर दोष मंदिरों पर ही मढ़ना चाहते हैं? हम सरकार से आग्रह करते हैं कि वह त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड के तहत मंदिरों को खोलने का निर्णय वापस ले.’’
महाराष्ट्र से राज्यसभा सदस्य मुरलीधरन ने सोमवार शाम ट्वीट भी किया था कि न तो श्रद्धालुओं ने और न ही मंदिर समितियों ने मंदिरों को जनता के लिए फिर से खोलने की मांग की थी.
भाजपा और हिंदू अकिया वेदी ने राज्य के धार्मिक स्थलों को खोलने के फैसले का सोमवार को विरोध किया था. मंगलवार को राज्य के कुछ चर्च और मस्जिदों के साथ त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड (टीडीबी) के तहत आने वाले विभिन्न मंदिर खुल गए.
click and follow Indiaherald WhatsApp channel