नयी दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर देशभर में प्रदर्शन तेज हो गया है। गुरुवार को जिस तरह दिल्ली और यूपी में हिंसक प्रदर्शन हुए उसके बाद से शुक्रवार का दिन भी पुलिस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। पुलिस को खुफिया जानकारी मिली है कि दोपहर के बाद एक बार फिर दिल्ली की हालात बिगड़ सकते हैं। नागरिकता कानून के विरोध में हो रहे प्रदर्शन के बाद देशभर में अलर्ट जारी कर दिया गया है. नागरिकता कानून के खिलाफ हिंसा में ISI का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि ISI रोहिंग्याओं और घुसपैठियों को फंडिंग कर रहा है।
किसी भी तरह के हिंसक प्रदर्शन से निपटने के लिए दिल्ली पुलिस ने यूपी और हरियाणा के तमाम जिलों के पुलिस अधिकारियों और कमिश्नों से बातकर शांति बनाए रखने में मदद मांगी है। सुरक्षा के नजरिए से उत्तर प्रदेश के कई जिलों समेत देश के कई हिस्सों में इंटरनेट बंद कर दिया गया है। साथ ही दिल्ली में कई मेट्रो स्टेशन बंद हो गए हैं। खुफिया इनपुट्स की मानें तो दिल्ली के ही कई इलाकों में 40 से अधिक आंदोलन किए जा सकते हैं। बता दें उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार को हुई हिंसा के बाद लखनऊ में शनिवार दोपहर तक मोबाइल इंटरनेट एवं एसएमएस सेवाएं बंद कर दी गई हैं। अतिरिक्त मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने इस संबंध में गुरुवार देर रात निर्देश जारी किया।
अवस्थी ने सरकारी आदेश में कहा है, 'यह आदेश 19 दिसंबर को दोपहर बाद तीन बजे से 21 दिसंबर को दोपहर 12 बजे तक प्रभावी रहेगा'। इससे पहले एक अधिकारी ने भाषा को बताया कि सोशल मीडिया पर किसी तरह के दुष्प्रचार और लोगों की भावनाएं भड़काने वाली कोई पोस्ट को प्रसारित होने रोकने के लिए राजधानी में शनिवार दोपहर तक मोबाइल इंटरनेट एवं एसएमएस सेवाओं को बंद कर दिया गया है।
उपद्रवियों की संपत्ति कुर्क कर की जाएगी भरपाई
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नागरिकता कानून किसी के खिलाफ नहीं है। विपक्ष भ्रम के हालात पैदा कर रहा है। सीएम ने कहा कि उपद्रवियों से सख्ती से निपटा जाए. प्रदर्शन के नाम पर हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि लखनऊ में दर्जन भर वाहनों में आग लगाई गई। उपद्रवियों की संपत्ति कुर्क कर भरपाई की जाएगी। हिंसा में लिप्त लोगों की संपत्ति जब्त की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा के लिए जगह नहीं है। संभल में भी कई गाड़ियां जलाई गईं।
कर्नाटक में हिंसक प्रदर्शन के दौरान दो लोगों की मौत
कर्नाटक के मंगलुरु में हिंसक प्रदर्शन को काबू करने लिए पुलिस की ओर से चलाई गई गोली में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक प्रदर्शनकारियों ने मंगलुरु उत्तर पुलिस थाने पर हमला करने की कोशिश की जिसके बाद भीड़ को तितड़-बितड़ करने के लिए पुलिस को गोली चलानी पड़ी। मृतकों की पहचान जलील कुदरोली (49) और नौशीन (23) के तौर पर की गई है।
click and follow Indiaherald WhatsApp channel