मध्य प्रदेश के भोपाल में बुधवार को एक साथ 44 लोग कोरोना के संक्रमण को मात देकर स्वस्थ हुए। उन्हें शाम को चिरायु अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। इन्हें मिलाकर भोपाल में 78 मरीज कोरोना को हरा चुके हैं, जिनमें पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। अस्पताल परिसर में कोरोना फाइटर्स का फूल माला पहनाकर और तालियों की गड़गड़ाहट से हौसला बढ़ाया गया। सभी ने अस्पताल प्रबंधन का शुक्रिया अदा किया। हालांकि, 40 लोगों को अभी भी होम क्वारैंटाइन रहने के लिए कहा गया है।
वहीं, सहकर्मियों के ठीक होने पर पुलिसकर्मियों ने बैंड पर राष्ट्रगान और हम होंगे कामयाब की धुन बजाकर सभी का स्वागत किया। इससे पहले, शुक्रवार को इसी अस्पताल से दो आईएएस अफसरों समेत 30 लोग स्वस्थ होकर अपने घर गए थे। उन्हें फूलों का हार पहनाकर और वाटर कैनन सैल्यूट देकर विदा किया गया था।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी 44 कोरोना योद्धाओं से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बात करके सभी को बधाई और शुभकामना दी। उन्होंने कहा- सभी स्वस्थ हुए लोगों ने अपने माध्यम से प्रदेश की जनता को संदेश दिया कि कोरोना से जंग लड़कर जीतने का जज्बा भोपाल ने दिखाया है। आप सब इससे बचकर रहें। हम हर हाल में कोरोना को हराएंगे। प्रदेश की जनता से अपील है कि घर पर रहें। लॉकडाउन का पालन करें। प्रदेश और देश के विकास और उन्नति में अपना योगदान दें।
click and follow Indiaherald WhatsApp channel