बिहार के बांका के बेलहर की चुनावी सभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को छात्राओं ने शुक्रवार को काले झंडे दिखाए। ये छात्राएं प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय की हैं। इनका विरोध स्कूल के कोड को रद्द कर देने और स्कूल में समुचित सुविधाएं उपलब्ध न होने की वजह से है। ये छात्राएं मुख्यमंत्री से मिलना चाहती थीं मगर सुरक्षा बलों ने जबरन इन्हें वहां से हटाने की कोशिश की। इससे नाराज छात्राएं हाथों में काले फीते लेकर सीएम की ओर कर हवा में लहराने लग गई। इसके बाद अधिकारियों में खलबली मच गई। बाद में पुलिस ने घेराबंदी कर छात्राओं को वहां से हटाया। भागलपुर डिवीजन की दो विधानसभा सीटों (बेलहर और नाथनगर) पर उपचुनाव 21 तारीख को है। जदयू के बेलहर विधायक गिरधारी यादव के बांका और नाथनगर के विधायक अजय मंडल के भागलपुर लोकसभा सीट से जेडीयू सांसद निर्वाचित होने से खाली हुई है। राजग की ओर से ये सीटें जदयू के हिस्से गई है। अपने उम्मीदवारों के पक्ष में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को बेलहर और सबौर में सभाएं कीं। बेलहर से लालधारी यादव और नाथनगर से लक्ष्मी कांत मंडल जदयू के उम्मीदवार हैं।


चुनावी सभा में उनके साथ भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, शिक्षा मंत्री कृष्ण नंदन वर्मा, राजस्व मंत्री रामनारायण मंडल और सांसद गिरधारी यादव मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में तेजी से विकास हो रहा है। राजग बिहार में मजबूत गठबंधन है। 2020 का विधानसभा चुनाव भी भाजपा-लोजपा के साथ मिलकर लड़ेंगे। विरोधी की बातों को उन्होंने अफवाह बताया और जनता से उनकी बातों पर ध्यान न देने को कहा। और बिहार में हो रहे उपचुनाव में राजग उम्मीदवारों को जिताने की अपील की। सीएम ने साथ ही चल रहे विकास के कामों को भी गिनाया। उन्होंने कहा कि हरेक पंचायत में उच्च विद्यालय खोले जा रहे हैं। उन्नयन बांका पूरी दुनिया में नाम रौशन कर रहा है। जीविका योजना में महिलाओं को सम्मान दिया गया। सड़क, बिजली, अस्पताल के क्षेत्र में काम हुए। शराबबंदी से अपराध पर लगाम लगी। केंद्र के सहयोग से बिहार तरक्की के रास्ते पर है। पिछड़ेपन को दूर किया जा रहा है। इसलिए राजग गठबंधन अटूट है।

Find out more: