नोएडा में रहने वाली एक महिला को उसके सिम कार्ड को अपग्रेड करने के बहाने कथित तौर पर 9.52 लाख रुपये का चूना लगाया गया था। सिमकार्ड को 3जी से 4जी में अपग्रेड करने के नाम पर ठगों ने कस्टमर सर्विस एक्जिक्यूटिव बनकर महिला को फोन किया और फिर उसके बैंक अकाउंट से सेविंग्स के करीब 9.5 लाख रुपये निकाल लिए।
सेक्टर 108 की रहने वाली वर्षा अग्रवाल ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी है। वर्षा ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसे 7 मई को एक शख्स ने सिम को अपग्रेड करने की बात कहते हुए कस्टमर सर्विस एक्जिक्यूटिव बनकर फोन किया था। इस शख्स के कहने के बाद वर्षा ने अपने टेलिकॉम ऑपरेटर को सिम स्वैप रिक्वेस्ट की थी। इन लोगों ने कहा था कि सिम 72 घंटे में फिर से एक्टिवेट हो जाएगा, पर जब ऐसा नहीं हुआ तो महिला ने अपने बैंक खातों को जांच कराई।
इस दौरान वर्षा को पता चला कि उनके अकाउंट से करीब 9.52 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई है। वर्षा ने बताया कि जालसाजों ने उनके एक फिक्स्ड डिपॉजिट को लिक्विडेट किया और इसके पैसे खाते में ट्रांसफर कर लिए। साथ ही सेविंग अकाउंट में मौजूद पैसों को भी झारखंड के एक बैंक अकाउंट में 8 से 11 मई के बीच 22 ट्रांजेक्शंस के जरिए ट्रांसफर किया गया। नोएडा पुलिस की साइबर सेल ने वर्षा की कंप्लेन के आधार पर अब मामले की जांच शुरू की है। इसके अलावा उन खातों का भी पता लगाया जा रहा है, जिनमें पैसे ट्रांसफर किए गए थे।
click and follow Indiaherald WhatsApp channel