बॉलीवुड की पॉपुलर सिंगर नेहा कक्कड़ इन दिनों टीवी रिएलिटी शो इंडियन आइडल 11 को जज कर रही हैं। इस शो में नेहा के इमोशनल साइड से तो हर कोई वाकिफ है, लेकिन इन दिनों उनकी शादी की चर्चा जोरों पर हैं। दरअसल शो के होस्ट और मशहूर सिंगर उदित नारायण के बेटे आदित्य नारायण, नेहा के साथ अक्सर मस्ती करते हुए नजर आते हैं। वे शो में कई बार मजाक में अपने प्यार का इजहार भी कर चुके हैं।
कहा तो ये भी जा रहा है कि नेहा और आदित्य वेलेंटाइन्स डे यानि 14 फरवरी 2020 को शादी करने वाले हैं। हाल ही में दिग्गज सिंगर कुमार सानु ने इस बात को और हवा दे दी है।
दरअसल मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कुमार सानु ने नेहा को आदित्य की तरफ से एक चुनरी गिफ्ट की है। जब नेहा ने इस चुनरी को स्वीकार कर लिया तो सानु ने शो के अन्य जज हिमेश रेशमिया के साथ मिलकर नेहा और आदित्य के लिए फिल्म प्यार किया तो डरना क्या का गाना 'ओढ़ ली चुनरिया तेरे नाम की' गाया। ये सुनकर नेहा भी शर्माने लगीं।
गौरतलब है कि इससे पहले आदित्य के पिता उदित नारायण शो में पहुंचे थे। उन्होंने कहा था कि यहां आदित्य का रिश्ता नेहा से तय करने आया हूं। इस दौरान आदित्य की मां भी उनके साथ थी। नेहा के पैरेंट्स भी सेट पर आते हैं और कहते हैं कि उन्हें आदित्य पसंद है और ये रिश्ता मंजूर है। इसके बाद उदित नारायण और नेहा के पिता गले मिलते हैं और रिश्ता पक्का कर देते हैं। आदित्य अनाउंस करते हैं कि 14 फरवरी को दोनों सात फेरे लेंगे। ये सब देखकर नेहा हैरान रह जाती हैं और शर्माने लगती हैं। हालांकि ये सब मजाक में ही किया गया था।
बता दें कि प्रोफेशनल लाइफ के साथ-साथ नेहा कक्कड़ की पर्सनल लाइफ भी काफी सुर्खियों में रही हैं। वे पहले यारियां एक्टर हिमांश कोहली को डेट कर रही थी। दोनों ने इंडियन आइडल के सेट पर ही अपने रिश्ते पर मोहर लगाई थी। लेकिन बाद में दोनों का ब्रेकअप हो गया।
click and follow Indiaherald WhatsApp channel