श्रीराम राघवन निर्देशित सस्पेंस—थ्रिलर अंधाधुन पिछले साल रिलीज़ हुई थी और स्लीपर हिट साबित हुई। 5 अक्टूबर 2018 में आयी अंधाधुन को सिर्फ़ 2.70 करोड़ की ओपनिंग मिली थी, मगर माउथ पब्लिसिटी के दम पर फ़िल्म ने जमकर कमाई की। 15 करोड़ का ओपनिंग वीकेंड करने के बाद अंधाधुन ने 72.50 करोड़ का कलेक्शन किया था और सुपर हिट घोषित किया गया।
फ़िल्म 2018 की सबसे कामयाब फ़िल्मों में शामिल रही। आयुष्मान खुराना के साथ तब्बू और राधिका आप्टे लीड रोल्स में थीं। अंधाधुन इसके बाद चीन में रिलीज़ की गयी थी, जहां फ़िल्म ने 300 करोड़ से अधिक जुटा लिये थे। हाल ही में नेशनल फ़िल्म अवॉर्ड्स की घोषणा की गयी तो अंधाधुन को 3 श्रेणियों में नेशनल फ़िल्म अवॉर्ड देने का एलान किया गया। आयुष्मान खुराना को बेस्ट एक्टर, बेस्ट हिंदी फ़िल्म और बेस्ट अडेप्टेड स्क्रीन प्ले के लिए अंधाधुन को अवॉर्ड दिये जा रहे हैं।
अंधाधुन एक ऐसे शख़्स की कहानी है, जो पियानो बजाता है और नेत्रहीन होने का ड्रामा करता है, मगर इसकी वजह से अनजाने में एक क़त्ल का चश्मदीद गवाह बन जाता है। इसके बाद उसकी ज़िंदगी में भूचाल आ जाता है। अंधाधुन को समीक्षकों का भी भरपूर साथ मिला था और बेहतरीन रीव्यूज़ दिये गये थे।
click and follow Indiaherald WhatsApp channel