मुंबई। शिवसेना के नेता उद्धव ठाकरे आज महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने वाले हैं, जिसे लेकर पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं में जाहिर तौर पर खुशी का माहौल है। लेकिन कांग्रेस व एनसीपी के साथ गठबंधन के फैसले का पार्टी में विरोध भी होने लगा है। इसी क्रम में शिवसेना के एक नेता ने यह कहते हुए पार्टी छोड़ भी दी है कि वह सोनिया गांधी और राहुल गांधी की तारीफ नहीं कर सकते।
शिवसेना छोड़ने वाले ये नेता रमेश सोलंकी हैं, जो पार्टी के आईटी सेल से जुड़े रहे हैं। उन्होंने शिवसेना की युवा सेना इकाई से भी इस्तीफा दे दिया है और ट्वीट कर इसका एलान किया। उन्होंने कहा कि उनकी विचारधारा उन्हें इसकी अनुमति नहीं देती कि वह पार्टी में बने रहें। सोलंकी ने आरोप लगाया कि सरकार बनाने के लिए शिवसेना ने कांग्रेस के साथ हाथ मिला लिया, जबकि चुनाव में वे उसका विरोध करते रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि वह 12 साल की उम्र से किसी न किसी रूप में शिवसेना से जुड़े रहे हैं और 21 साल की उम्र से कांग्रेस के खिलाफ सियासी जंग छेड़े हुए हैं। उन्होंने ट्विटर पर भी कांग्रेस नेताओं- सोनिया गांधी, राहुल गांधी की नीतियों और राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर उनके रुख को लेकर उनकी मुखर आलोचना की है और अब फिर से वह उनकी तारीफ नहीं कर सकते।
शिवसेना से अलग होने के एलान से जुड़े सोलंकी के ट्वीट्स को सोशल मीडिया पर लोगों ने खूब पसंद किए हैं और विचारधारा को सबसे ऊपर रखने के लिए उनकी तारीफ की है।
शिवसेना से सोलंकी का इस्तीफा ऐसे समय में आया है, जबकि उद्धव ठाकरे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। उद्धव ठाकरे आज शाम 5 बजे शिवाजी पार्क में शपथ लेंगे, जिसके लिए बड़ी संख्या में किसानों को भी आमंत्रित किया गया है।A
click and follow Indiaherald WhatsApp channel