अधिकारी के सहयोगियों और बीजेपी नेताओं ने हिन्दुस्तान टाइम्स को बताया कि अधिकारी के ज्वाइनिंग को लेकर तैयारी चल रही है। शुभेंदु अधिकारी की टीएमसी लीडरशिप से बगावत और मतभेदों को दूर करने की कोशिशों के असफल रहने के साथ ही अटकलें लगाईं जा रही थीं कि वह भगवा कैंप में शामिल हो सकते हैं।

विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को एक और बड़ा झटका लगने जा रहा है। कभी उनके सबसे करीबी नेताओं में शामिल रहे पूर्व मंत्री शुभेंदु अधिकारी बगावत के बाद भारतीय जनता पार्टी का दामन थामने जा रहे हैं। माना जा रहा है कि हाल ही में केंद्र सरकार से जेड श्रेणी सुरक्षा पाने के बाद शुभेंदु गृहमंत्री अमित शाह के दो दिवसीय दौरे के दौरान बीजेपी की सदस्यता हासिल करेंगे।

अमित शाह 19 और 20 दिसंबर को बंगाल में रहेंगे। वह कम से कम तीन जिलों में रैलियों को संबोधित करेंगे, जिनमें पूर्वी मिदनापुर भी शामिल है, जहां अधिकारी, उनके पिता और दो भाई दो लोकसभा क्षेत्रों और एक विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। सिविक बॉडी का प्रतिनिधित्व भी अधिकारी परिवार के पास ही है। शुभेंदु नंदीग्राम सीट से विधायक हैं।

Find out more: