अंडर-19 वर्ल्ड कप के पहले सेमीफाइनल में मंगलवार को भारत का मुकाबला पाकिस्तान से होगा। दोनों टीमें लगातार दूसरी बार सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगी। पिछली बार 2018 में भारत ने पाकिस्तान को 203 रन से हराया था। दोनों टीमों के बीच हुए अब तक 8 मुकाबलों में भारत और पाकिस्तान ने 4-4 मैच जीते। टीम इंडिया उसके खिलाफ 8 साल से नहीं हारी। उसे पिछली हार 2010 में मिली थी। तब पाकिस्तान क्वार्टरफाइनल में 2 विकेट से जीता था।

 

टीम इंडिया अगर सेमीफाइनल में पाकिस्तान को हरा देती है तो वह 7वीं बार फाइनल में पहुंचने में सफल हो जाएगी। वह पहली बार साल 2000 में फाइनल में पहुंचा था। तब चैम्पियन बना था। इसके बाद 2006 में उपविजेता, 2008 में विजेता, 2012 में विजेता, 2016 में उपविजेता और 2018 में विजेता बना था। दूसरी ओर, पाकिस्तान की टीम 5 बार फाइनल में पहुंची। वह 2004 और 2006 मे चैम्पियन बना था। 1988, 2010 और 2014 में उपविजेता बना था।

 

अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत vs पाकिस्तान

साल             रिजल्ट
1988        पाकिस्तान 68 रन से जीता
1998        भारत 5 विकेट से जीता
2002        पाकिस्तान 2 विकेट से जीता
2004        (सेमीफाइनल) पाकिस्तान 5 विकेट से जीता
2006        (फाइनल) पाकिस्तान 38 रन से जीता
2010        (क्वार्टरफाइनल) पाकिस्तान 2 विकेट से जीता
2012        (क्वार्टरफाइनल) भारत 1 विकेट से जीता
2014        भारत 40 रन से जीता
2018        (सेमीफाइनल) भारत 203 रन से जीता

 

इस टूर्नामेंट में दोनों टीमों का सफर
भारत ने इस टूर्नामेंट में सबसे पहले श्रीलंका को हराया। इसके बाद जापान और न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत दर्ज की। क्वार्टरफाइनल में उसने ऑस्ट्रेलिया को शिकस्त दी। दूसरी ओर, पाकिस्तान ने पहले मैच में स्कॉटलैंड को हराया। इसके बाद जिम्बाब्वे को शिकस्त दी। बांग्लादेश के खिलाफ मैच बारिश के कारण रद्द हो गया। पाकिस्तान ने क्वार्टरफाइनल में अफगानिस्तान को शिकस्त दी।

 

पाकिस्तान के कप्तान ने कहा- यह एक हाई प्रेशर मैच है
पाकिस्तान के कप्तान रोहैल नजीर का मानना है कि भारत-पाकिस्तान के बीच का मैच हाई-प्रेशर होता है। इस दौरान आपकी टीम के खिलाड़ियों की क्षमता सामने आती है। इन मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाला रातों-रात स्टार खिलाड़ी बन जाता है। वहीं, ओपनर मोहम्मद हुरैराने कहा, ‘‘यह एक हाई-प्रेशर मैच है। दुनिया भर में इसकी चर्चा होती है। हम अपना नेचुरल गेम खेलेंगे। उम्मीद है कि टीम बेहतर प्रदर्शन करेगी।’’

 

भारतीयों में यशस्वी सबसे सफल और रवि सबसे सफल गेंदबाज
भारत के लिए इस टूर्नामेंट में यशस्वी जायसवाल ने सबसे ज्यादा 207 रन बनाए। 4 मैच में उनका औसत 103.50 है। इस दौरान 3 अर्धशतक लगाए। गेंदबाजी में रवि बिश्नोई सबसे सफल रहे। उन्होंने 4 मैच 11 विकेट लिए। पाकिस्तान के लिए मोहम्मद हारिस सबसे सफल बल्लेबाज रहे। उन्होंने 4 मैच में 110 रन बनाए। गेंदबाजी में अब्बास अफरीदी ने 4 मैच में सबसे ज्यादा 9 विकेट लिए।

 

भारत vs पाकिस्तान हेड-टू-हेड
दोनों देशों के बीच अब तक कुल 23 मैच खेले गए हैं। भारत ने 14 और पाकिस्तान ने 8 बार जीत हासिल की। एक मैच टाई हुआ था। एशिया कप (सितंबर 2019) में दोनों टीमों का आखिरी मुकाबला हुआ था। भारत ने 50 ओवर में 305 रन बनाए थे। इसमें तिलक वर्मा का शतक शामिल था। जवाब में पाकिस्तान टीम 245 रन पर ऑल आउट हो गई थी। बाएं हाथ के स्पिनर अथर्व ने तीन विकेट लिए थे।

 

पिच और मौसम रिपोर्ट: मैच पोश्चफेस्ट्रूम के हरे-भरे मैदान पर खेला जाएगा। इस दौरान मौसम साफ रहने की संभावना है। विकेट पर शुरुआत में तेज गेंदबाजों को मदद मिलती रही है। टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना चाहेगी।

మరింత సమాచారం తెలుసుకోండి: