भारतीय पेशेवर फुटबॉलर सुनील छेत्री ने कहा है, "मैं अपनी फ़ुटबॉल का लुत्फ़ उठा रहा हूं और अभी संन्यास लेने का कोई इरादा नहीं है।" 35 साल के छेत्री के नाम सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय मैचों और गोलों का राष्ट्रीय रेकॉर्ड है। उन्होंने गुरुवार को भारतीय फुटबॉल टीम के फेसबुक पेज पर लाइव चैट में हिस्सा लिया।

 

छेत्री ने कहा, ‘मैं नहीं बता सकता कि कब तक खेलूंगा लेकिन अपने खेल का पूरा आनंद ले रहा हूं और अभी कहीं नहीं जा रहा। मैंने अपनी पत्नी से कहा कि मैं काफी फिट महसूस कर रहा हूं। मैं उदांता और आशिक कुरूनियां (भारत और बेंगलुरू एफसी के साथी) को फर्राटा दौड़ के लिए चुनौती देने वाला हूं।’

 

वह शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में 15 साल पूरे कर लेंगे। उन्होंने 2005 में पाकिस्तान के खिलाफ क्वेटा में एक दोस्ताना मैच के जरिए अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में पदार्पण किया था। वह अब तक 115 मैच खेलकर 72 गोल कर चुके हैं।

 

सक्रिय फुटबॉलरों में पुर्तगाल के दिग्गज क्रिस्टियानो रोनाल्डो के बाद उनके सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय गोल हैं और वह लियोनेल मेसी से भी आगे हैं। छेत्री ने कहा, ‘देश के लिए 15 साल खेलना खुशकिस्मती है। शायद 3-4 साल और खेल सकूं तो करीब 20 साल हो जाएंगे। किसने सोचा था कि 20 साल तक खेल सकूंगा। यह सपने जैसा है।’

Find out more: