स्वाधीनता दिवस मध्यप्रदेश में हर्षोल्लास से मनाया गया| मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान राजधानी में आयोजित मुख्य समारोह में अपने शासनकाल की उपलब्धियों के बारे में बोले और कर्मचारियों को कई सौगातें दीं| मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारियों व अधिकारियों को कुछ दिनों में सातवें वेतनमान का लाभ दिया जाएगा और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को स्थायी कर्मचारी बनाया जाएगा|
भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में चौहान ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली| मुख्यमंत्री ने कहा कि दैनिक वेतनभोगियों को स्थायी कर्मियों की श्रेणी दी जाएगी, ताकि उन्हें भी वेतनमान, वेतनवृद्धि और मंहगाई भत्ता जैसी सुविधाएं मिल सकें| इसी के साथ योग्यतानुसार उनका समायोजन अन्य विभागों में किया जाएगा| शिवराज ने घोषणा की के कर्मियों को सातवां वेतनमान दिए जाने के साथ सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि भी बढ़ाई जाएगी|
उन्होंने कहा कि नौजवानों को रोजगार देने की सुविधा के मकसद से 'रोजगार कैबिनेट' बनाई जाएगी| यह कैबिनेट रोजगार के मामलो में अहम काम करेगी| साथ ही रोजगार के अवसर की समग्र जानकारी एक स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी|
आगे उन्होंने कहा कि "राज्य तेजी से बदल रहा है, देश और दुनिया में यहां की छवि बदल रही है| पहले राज्य की गिनती पिछड़े और गरीब राज्य के तौर पर होती थी, मगर अब ऐसा नहीं है|"
"राज्य में सड़कों का जाल बिछ रहा है, अंधेरे का कलंक मिट गया है, 24 घंटे बिजली दी जा रही है, किसानों को बिजली और सिंचाई के लिए पानी मिलने लगा है| यही कारण है कि राज्य की विकास दर 10 प्रतिशत से ऊपर और कृषि दर 20 प्रतिशत के करीब है|" मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में स्मार्ट शहर के साथ स्मार्ट गांव भी बनाए जाएंगे| अब गांवों में वे सारी सुविधाएं होंगी जो आम आदमी की जरूरत है| यहां सड़क, बिजली, विद्यालय, आंगनवाड़ी से लेकर शुद्ध जल की सुविधा होगी|