लंबे इंतजार के बाद, आखिरकार संजय लीला भंसाली ने अपनी अगली फिल्म की घोषणा कर दी है। जी हां, इंशाल्लाह की जगह अब भंसाली पहले 'गंगूबाई काठियावाडी' का निर्देशन करने वाले हैं। फिल्म में मुख्य किरदार निभाएंगी आलिया भट्ट और यह फिल्म 11 सितंबर 2020 को रिलीज होने वाली है। यह फिल्म गैंगस्टर गंगूबाई कोठेवाली की कहानी होगी। जबसे संजय लीला भंसाली ने इंशाल्लाह को आगे बढ़ाया है, यह फिल्म अफवाहों में आ गई थी। लेकिन अब इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी गई है।


इंशाल्लाह में सलमान खान और आलिया भट्ट की जोड़ी थी। लेकिन अब भंसाली ने गंगूबाई काठियावाडी के लिए आलिया को लॉक कर लिया है.. जबकि बाकी स्टारकास्ट के नाम पर फिलहाल प्रश्न चिन्ह है। आलिया लंबे समय से भंसाली के साथ फिल्म करना चाहती थीं। जाहिर है इस फिल्म को लेकर वो काफी उत्साहित हैं। फिल्म में उनका किरदार काफी दमदार होने वाला है। राजी के बाद अब यह भी आलिया की रियल लाइफ घटनाओं पर बनी फिल्म होगी।


गंगूबाई मुंबई के कमाठीपुरा एरिया में अपना कोठा चलाकर उन लड़कियों की मदद करती थी जिन्हें पैसों की सख्त ज़रूरत होती थी। वहीं गंगूबाई इन लड़कियोंं के हक के लिए भी लड़ती थी। गंगूबाई के संंबंध उस दौरान मुंबई के सारे बड़े लोगों से थे। उनके किरदार के बारे में ज़्यादा जानकारी मिलती है द माफिया क्वीन ऑफ मुंबई नाम की किताब से। यह फिल्म थोड़ी डार्क होगी।


जब यह फिल्म खबरों में आई थी कि इससे प्रियंका चोपड़ा का नाम जोड़ा जा रहा था। उस वक्त फिल्म का नाम हीरा मंडी बताया जा रहा था। लेकिन फिल्म पोस्टपोन होती चली गई.. और अब यह आलिया के साथ बन रही है।वहीं, हाल में खबर थी कि भंसाली ने इस फिल्म के लिए रणवीर सिंह को भी अप्रोच किया था। लेकिन रणवीर ने फिल्म करने से इंकार कर दिया।


खबरों की मानें तो फिल्म की शूटिंग अगले महीने से शुरू हो जाएगी। फिल्म 11 सितंबर 2020 को रिलीज होने वाली है। इसमें कोई शक नहीं कि यह आलिया भट्ट के लिए बहुत बड़ी फिल्म साबित होने वाली है। जैसा की आप सभी जानते है कि संजय लीला भंसाली की फिल्में दर्शकों पर अलग छाप छोड़ती है.. ऐसे में यह फिल्म आलिया के करियर को एक नई ऊंचाई दे सकता है।

మరింత సమాచారం తెలుసుకోండి: