पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने सोमवार (10 फरवरी, 2020) को कहा कि भारत में सत्तापक्ष भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिल्ली विधानसभा चुनाव इसलिए हार रही है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिकता संशोधन कानून (CAA) को लेकर विवादित कदम उठाए। कराची में फेडरेशन ऑफ पाकिस्तान चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FPCCI) की एक सभा को संबोधित करते हुए कुरैशी ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि साल 2019 के लोकसभा चुनाव जीतने के बाद से भाजपा को तीन चुनावी राज्यों में मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

 


पाकिस्तान के डॉन अखबार के मुताबिक कुरैशी ने दिल्ली के चुनावों के बारे में कहा, जहां कल यानी 11 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे, भाजपा को दिल्ली में बहुत मुश्किल का सामना करना पड़ेगा और पार्टी बहुत बुरी तरह चुनाव हार रही है। कुरैशी ने कहा कि कुछ देश अपने आर्थिक हितों के खिलाफ जाने से डर रहे हैं, क्योंकि भारत बहुत बड़ा बाजार है। कुरैशी ने प्रधानमंभी नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा।

 


कुरैशी ने पीएम मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद से भारत की आर्थिक वृद्धि रुकी हुई है। हमें चिंता है कि भारत अपनी आर्थिक स्थिति संभालने की बजाय, लोगों का ध्यान भटकाने के लिए पाकिस्तान पर झूठे आरोप लगा सकता है। उन्होंने पाकिस्तान की मौजूदा हालात पर कहा कि हम आर्थिक रूप से स्थित होंगे तो दुनिया हमें गंभीरता से लेगी।

 


बता दें कि इंडिया टुडे- एक्सिस ने अपने पोल में आप को 59-68 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया है वहीं भाजपा को 2-11 से सीटें मिलने की बात कही गई है। पोल में कांग्रेस जीरो और अन्य को 4-6 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है। इसी तरह टाइम्स नाऊ-आईपीएसओएस (आप को, 44-50, भाजपा को 20-26), रिपब्लिक-जन की बात (आप को 48-61, भाजपा को 9-21 और कांग्रेस 0-1), एबीपी-सीटर (आप को 49-63, भाजपा को 5-19, कांग्रेस 0-4) टीवी9 भारतवर्ष (आप को 54, भाजपा को 15, कांग्रेस को 1) और न्यूज एक्स के सर्वे में (आप को 53-57, भाजपा को 11-17, कांग्रेस को 2) मिलने का अनुमान व्यक्त किया है।

మరింత సమాచారం తెలుసుకోండి: