ग्वालियर​। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में आज महिला कांग्रेस ने महंगाई को लेकर मोदी सरकार के खिलाफ अनूठा विरोध प्रदर्शन किया है। दरअसल महिला कांग्रेस ने फूलबाग चौराहा पर सड़क पर ही ईटें रखकर चूल्हा तैयार किया और वहीं अपनी कैंटीन बना डाली। जिसके बाद महिला कांग्रेस सदस्यों ने चूल्हे पर पकौड़े तले और चाय बनाई। महिला सदस्यों ने केंद्र सरकार के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए यहां से गुजरने वाले लोगों को भी नाश्ता कराया।

 

कैंटीन सजा कर बैठी महिला कांग्रेस के सदस्यों ने महंगाई के विरोध में अपने गले में प्याज और लहसुन से बनी माला भी डाल रखी थी। महिला कांग्रेस सदस्यों का कहना है कि देश में गैस सिलेंडर, प्याज, लहसुन समेत अन्य चीज़ों पर लगातार महंगाई बढ़ रही है, जिसकी वजह से लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लिहाजा मोदी सरकार गरीबों को राहत देनी चाहिए।

 

महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष कमलेश कौरव का कहना है, कि जब से मोदी सरकार सत्ता में आई है तब से गैस सिलेंडर समेत खाने की चीजों में निरंतर तेजी आ रही है जिसके कारण सबसे ज्यादा दिक्कत महिलाओं को हो रही है, इसलिए इस किस्म का विरोध प्रदर्शन करने के लिए उन्हें विवश होना पड़ा। साथ ही उनका कहना है कि अगर आने वाले वक़्त में खाने पीने की चीजों और सिलेंडर के दाम कम नहीं हुए तो राज्य भर में महिला कांग्रेस सड़कों पर उग्र आंदोलन करने को मजबूर हो जाएंगी।

మరింత సమాచారం తెలుసుకోండి: