नयी दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) पर अब तक का सबसे बड़ा जनजागरण अभियान पांच जनवरी से आरंभ करने की तैयारी की है। एक ही दिन में 42 जगहों पर पार्टी के 42 बड़े नेता घर-घर संपर्क अभियान शुरू करेंगे। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अनिल जैन ने शुक्रवार को मीडिया को इस संबंध में जानकारी दी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पांच जनवरी को दिल्ली में अभियान का आगाज़ करेंगे। 

 

केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर भी दिल्ली में ही मौजूद रहेंगे। वहीं कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा गाजियाबाद, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी नागपुर, केंद्रीय मंत्री वी सदानंद गौड़ा बंगलुरु, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण राजस्थान के जयपुर में मोर्चा संभालेंगे। वहीं, संसद में पास हुए नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के खिलाफ कांग्रेस समेत अन्य दलों द्वारा चलाए जा रही मुहीम के विपरीत, भाजपा ने मध्यप्रदेश में इस कानून के समर्थन में माहौल बनाने का मोर्चा संभाल लिया है।

 

भाजपा नेताओं ने इस कानून के लाभ बताने और समर्थन जुटाने के लिए गोष्ठियां शुरू कर दी हैं। वे अपनी बात कहने के लिए मीडिया के बीच भी जा रहे हैं। प्रदेश में गोष्ठी की शुरुआत प्रदेश के प्रभारी और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. विनय सहस्रबुद्धे ने उज्जैन से की। उन्होंने कहा कि जो लोग घुसपैठ के आधार पर समाज में विभेद निर्माण करते हुए वोटबैंक की सियासत करते हैं, वे सभी तत्व आज विचलित हैं, वे जगह-जगह जाकर लोगों को भड़का रहे हैं।

మరింత సమాచారం తెలుసుకోండి: