बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार का मानना है कि उनकी आनेवाली फिल्म ‘रुस्तम’ में एक महिला का विवाहेतर संबंध में होना फिल्म की खासियत है। गुनाहों की पृष्ठभूमि पर बनी रहस्य एवं थ्रिल से भरपूर फिल्म ‘रुस्तम’ नौसेना के अधिकारी के एम नानावटी की सत्य जीवन-काल पर आधारित है, जो अपनी पत्नी के प्रेमी की हत्या का प्रयास करता हैं। संबंधों में नए पहलुओ को दर्शाती इस फिल्म में अक्षय कुमार और इलियाना डिक्रूज अहम किरदारों में हैं।

उन्होंने कहा, "आमतौर पर किसी हिन्दी फिल्म में एक पुरूष के विवाहेतर संबंध को दिखाया जाता है और उसकी पत्नी माफ कर उसे अपना लेती है और फिर वे खुशी-खुशी जीवन बिताते हैं। लेकिन ऐसी कोई फिल्म नहीं है जिसमें कोई महिला विवाहेतर संबंध में हो और वह माफी के लिए कहे और फिर पति यह फैसला करे कि उसे माफ करना है या नहीं|" अक्षय ने मुंबई में एक साक्षात्कार के दौरान कहा, "मुझे लगता है कि यही बात फिल्म की यूएसपी है।

कोई भी इससे इनकार नहीं कर सकता कि वास्तविक जीवन में ऐसा नहीं होता है।" ‘रुस्तम’ टीनू सुरेश देसाई के निर्देशन में बनी फिल्म 12 अगस्त को रिलीज होगी। फिल्म में अक्षय कुमार अपने प्रोफेशन में पहली बार नौसेना के अधिकारी का करैक्टर अदा करते दिखेंगे। उन्होंने कहा, "भारतीय नौसेना के नियमों के बारे में जानने के लिए मैंने न कोई किताब पढ़ी, न कुछ विशेष सीखा और न ही नौसेना में किसी से मिला।"
उन्होंने कहा, "हालांकि, सलामी देने, बैज धारण करने, चाल-ढाल और वर्दी पहनने जैसी तमाम चीजों की बारिकियों के बारे में नौसेना के एक अधिकारी हमें बताते थे और वर्दी धारण करने के बाद मेरी चाल ही बदल जाती थी।" ‘स्पेशल 26’ और ‘बेबी’ के बाद निर्माता नीरज पांडे के साथ अक्षय की यह तीसरी फिल्म है।