ओडिशा के गंजाम जिले में एक यात्री बस ऊपर से गुजर रही 11 किलोवाट बिजली के तार की चपेट में आ गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है जबकि करीब 22 लोग घायल हुए हैं। 
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजनों के लिए 2 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है। साथ ही घायलों का मुफ्त इलाज किया जाएगा। राज्य के परिवहन मंत्री पद्मनाभ बेहरा ने बताया कि घटना की विस्तृत जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 

 

 

केंद्रीय पेट्रोलियम व स्टील मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने घटना पर दुख जताते हुए घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की है। घायल यात्रियों को एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज भेजा जा रहा है। कुछ की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि जंगलपाडु से चिकरादा जा रही यह बस 11 किलोवॉट की बिजली की ट्रांसमिशन लाइन के संपर्क में आ गई। इस वजह से बस में आग लग गई।

 

 

दरअसल लोग पास के गांव में एक सगाई समारोह में भाग लेने के लिए जा रहे थे। स्थानीय लोगों ने बस के अंदर फंसे हुए लोगों को बमुश्किल निकाला गया। घायलों को ब्रह्मपुर के एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

 

 

मुख्य दमकल अधिकारी सुकंत सेठी ने बताया कि बिजली की आपूर्ति को काटा गया और उसके बाद आग को बुझाया गया। तब जाकर यात्रियों को बस से निकाला जा सका। 

మరింత సమాచారం తెలుసుకోండి: