इस युवती ने घर पर पहले अपनी मां का कत्ल किया और फिर अपने पुरुष दोस्त के साथ छुट्टियां बिताने आईलैंड पर चली गई। अब पुलिस ने महिला और उसके दोस्त दोनों को पोर्ट ब्लेयर से गिरफ्तार कर लिया है। बेंग्लुरू की रहने वाली 33 साल की अमरुथा चंद्रशेखर पर आरोप है कि उसने बीते सोमवार (03-02-2020) को अपनी 52 साल की मां को चाकू से गोद डाला। इसके बाद उसने अपने छोटे भाई हरीश पर भी चाकू से हमला कर उसे बुरी तरह जख्मी कर दिया।


इसके बाद उसने अपना सामान बांधा और फिर पांच दिनों के लिए छुट्टियां बिताने के इरादे से अंडमान और निकोबार द्वीप सूमह पर चली गई। अमृता अपने दोस्त श्रीधर राव के साथ गई थी। श्रीधर ने अपनी बाइक से एयरपोर्ट जाते वक्त अमरुथा को उसके घर के पास से पिक किया था। पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर अमरुथा ने अपनी मां औऱ भाई से कहा था कि उसका तबादला अब हैदराबाद में हो गया है और जल्दी ही उसे वहां जाना पड़ सकता है।


अमरुथा के भाई ने पुलिस को बताया कि सोमवार की अहले सुबह उनकी बहन ने अचानक अपनी मां पर चाकू से एक के बाद एक कई हमले किये। जब अपनी मां की चीख सुनकर वो उनकी मदद के लिए गए तब अचानक अमरुथा ने उनपर भी चाकू से हमला कर दिया। हरीश ने आरोप लगाया कि चाकू से हमला करने के बाद उनकी बहन ने उनपर लोहे के रॉड से भी हमला किया। खून से लथपथ हरीश ने बाद में अपने रिश्तेदारों को फोन कर इस वीभत्स घटना की जानकारी दी।


पुलिस के मुताबिक इस भयानक घटना को अंजाम देने के बाद अमरुथा फ्लाइट पकड़ कर अपने दोस्त के साथ आईलैंड पर छुट्टियां बिताने चली गई। बताया यह भी जा रहा है कि इस परिवार पर कर्ज था और अमरुथा इसको लेकर काफी परेशान थी। हालांकि अभी यह नहीं पता चल सका है कि आखिर अमरुथा ने इतनी भयानक घटना को क्यों अंजाम दिया?।


अभी यह भी पता नहीं चल पाया है कि अमरुथा का दोस्त श्रीधर राव इस घटना में शामिल था या नहीं?। बहरहाल इस मामले में अमरुथा और उसके साथी को पकड़न के बाद पुलिस इस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।

మరింత సమాచారం తెలుసుకోండి: